पहेलियाँ
बाल पहेलियाँ
रचनाकार- गौरीशंकर वैश्य विनम्र
- सोने की चिड़िया कहलाया,
छह ऋतुओं का है परिवेश.
आदर से माता कहते हम
ऐसा भला कौन-सा देश?
- एक दिवस जनवरी में आता,
लोकतंत्र का पर्व मनाते.
बतलाओ वह दिवस कौन-सा?
हम सब जन-गण-मन हैं गाते.
- रवींद्रनाथ टैगोर की रचना,
विजयी भारत की संरचना.
गर्व से राष्ट्रीय पर्व मनाओ,
सावधान हो करके गाओ.
- भारत की मैं शान हूँ,
राष्ट्रभक्ति पहचान हूँ.
केसरिया, सफेद, हरा,
रंगों की मुस्कान हूँ.
- सिखलाता एकता-अखण्डता
भारत का हूँ अनुपम ग्रंथ.
कर्तव्य और अधिकार बताता,
जहाँ समान धर्म और पंथ.
उत्तर - 1. भारत, 2. 26 जनवरी, 3. राष्ट्रगान (जनगणमन), 4. तिरंगा झंडा, 5. भारतीय संविधान
*****
बाल पहेलियाँ
रचनाकार- डॉ. कमलेंद्र कुमार श्रीवास्तव
- फ्राँस देश के एक अन्वेषक,
पढ़ने-लिखने की युक्ति बनाई.
अंधों का वो बना मसीहा,
पूरे विश्व में धूम मचाई.
- एक अभिनेत्री ऐसी है,
जिसने अपना पैर गवांया.
फिर भी नाच कर शोहरत पाई,
पूरे विश्व में नाम कमाया.
- गीत लिखे संगीत के मुखिया,
और वो गाते गान.
आंख से वो देख ना पाते,
फ़िल्म जगत की शान.
- एक हाथ से तैरे बच्चों,
दुनियाँ में नाम खूब कमाया.
हाथ एक उनका खराब है,
सम्मान बहुत उन्होंने पाया.
उत्तर- 1. लुई ब्रेल, 2. सुधा चंद्रन, 3. रविन्द्र जैन, 4. शरत गायकवाड़.
*****